पीलीभीत। बेसिक शिक्षाधिकारी अमित कुमार सिंह को स्थानांतरित कर कन्नौज के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का उप प्राचार्य बनाया है। चार माह से अधिक समय पूर्व जून में भी उनका स्थानांतरण हुआ था। रिलीव न होनेे से वह जिले में ही डटे रहे। उनके कार्यकाल के दौरान विभाग ने कुछ उपलब्धियां हासिल की, मगर अधूरे कामों की संख्या अधिक रही। जिले की कम साक्षरता दर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भी सवाल उठाए थे।
जिले में 1499 परिषदीय स्कूलों का संचालन हो रहा है। इनमें करीब 60 स्कूल हैं, जिनके परिसर से बिजली लाइन गुजरी है। इसे हटाने को लेकर शासन से कई बार निर्देश जारी हो चुके हैं। अफसरों की अनदेखी और विभाग की लचर पैरवी से अब तक बिजली लाइन नहींं हट सकी। वहीं 120 से अधिक परिषदीय स्कूलों के भवन जर्जर है। इनकी नीलामी प्रक्रिया अटकी है। कई स्कूलों में जर्जर भवनों में ही बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। स्कूलों के विलयन में भी विभाग ने जल्दबाजी की। नियमों पर ध्यान न देने से 100 से अधिक स्कूलों का विलय कर दिया। कई जगहों पर विरोध- प्रदर्शन हुआ। बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया। बाद में इन स्कूलों की संख्या आधी रह गई।
कम साक्षरता दर पर राज्यपाल ने जताई थी नाराजगी
जून में जिले के दौरे पर आई राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने जिले की कम साक्षरता दर पर अफसरों को आड़े हाथों लिया था। लगभग 50 प्रतिशत साक्षरता दर पर उन्होंने जन प्रतिनिधियाें सेे भी सवाल किए थे। इस मामले में भी बीएसए की कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए थे। पीएमश्री में चयनित कुछ स्कूलों में कराए जाने वाले कार्य भी अब तक अधूरे हैं।