पीलीभीत। चालक को झपकी आने से गुरुवार सुबह पांच बजे भानडांडी के पास ट्रैक्टर ट्रॉली खाई में पलट गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि चालक समेत तीन घायल हो गए।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव खरगापुर निवासी उग्रसेन ने बताया कि गांव पिपरिया मंडल निवासी प्रेमशंकर गांव के भट्टे से ईंट भरकर बरेली के थाना नवाबगंज के गांव कुंडराकोठी लेकर गया था। उनका 18 वर्षीय भतीजा पुष्पेंद्र पुत्र डोरीलाल, गांव का 19 वर्षीय होरीलाल पुत्र रामचंद्र के अलावा विशाल पुत्र सेवाराम, और अजीत पुत्र लेखराज भी साथ गए थे। सभी लोग सुबह तड़के ही ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर निकले थे। इसी दौरान रास्ते में जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव भानडांडी स्थित पेट्रोल पंप के पास चालक प्रेमशंकर को झपकी आ गई और ट्रैक्टर ट्रॉली खाई में पलट गई। पांचों लोग ईंटों में दब गए। बमुश्किल सभी को बाहर निकला गया। पुष्पेंद्र और होरीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विशाल, अजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक को भी चोटें आई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया और दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत गंभीर होने पर परिवार वाले उन्हें शहर के निजी अस्पताल ले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दो भाइयों में छोटा था पुष्पेंद्र
खरगापुर निवासी सोमपाल ने बताया कि पुष्पेंद्र उसका छोटा भाई था। कभी कभार ही काम करने जाता था। बुधवार को आधी रात को ही घर से निकल आया था। सुबह हादसे में उसकी मौत की खबर ने झकझोर कर रख दिया है। भाई की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
भाई-बहनों में सबसे बड़ा था होरीलाल
गांव खरगापुर निवासी रामचंद्र के तीन बच्चे हैं। इनमें होरीलाल, अंकित कुमार और एक पुत्री है। बच्चों में होरीलाल सबसे बड़ा था। घर की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर थी मगर हादसे ने उसके परिवार के सारे सपने उजाड़ दिए। सभी का रोते-रोते बुरा हाल है।