पीलीभीत। रिछा रोड पर बिलहरी तिराहे के पास बुधवार को दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहानाबाद रिछा रोड पर बिलहरी तिराहे के पास शाम सात बजे ललौरीखेडा निवासी जगवीर का 20 वर्षीय पुत्र हरमेंद्र उर्फ गुड्डू बाइक से तिराहा पार कर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आए बीसलपुर के मोहल्ला हबीउल्ला खां निवासी राहुल पुत्र श्रीपाल की बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इससे हरमेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राहुल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हरमेंद्र के परिवार वालों ने बताया कि वह यहां तक कैसे पहुंचा जानकारी नहीं है। परिवार वालों को भी बताकर नहीं आया है। राहुल भी कुछ नहीं बता पा रहा था। दुर्घटना स्थल पर सिर्फ एक हेलमेट मौके पर पड़ा था। वह किसका है। कोई नहीं बता सका।