पीलीभीत। बरेली हाईवे पर रविवार रात करीब ढाई बजे ललौरीखेड़ा चौकी के पास उत्तराखंड की रोडवेज बस और कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार बदायूं जिले की रहने वाली 50 वर्षीय विमला देवी की मौत हो गई जबकि कार में बैठे परिवार के नौ सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से निकलवाने के बाद उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरेली रेफर कर दिया है। परिवार को जानकारी देने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
बदायूं जिले के थाना बजीरगंज क्षेत्र के गांव पेपल निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि वह अपने तीन साल के बेटे अनमोल और अपने बहनोई बरेली जिले के थाना आंवला क्षेत्र के गांव खरसारी निवासी जितेंद्र कुमार (28) के दो वर्षीय बेटे लववू का मुंडन करने को टनकपुर में स्थित माता पूर्णागिरि मंदिर जाने के लिए रविवार शाम करीब सात बजे कार से निकले थे। उनके साथ में पत्नी रेखा (29), मां विमला देवी (50), बेटी लक्ष्मी (5), बहन नीरज (26), मुन्नी देवी (53), मोहनलाल (55) भी कार में मौजूद थे। वह लोग रात डेढ़ बजे मझोला चौकी पर पहुंचे। जहां कोरोना की जांच रिपोर्ट न होने पर उन्हें वापस कर दिया। जिस पर वह वापस घर के लिए लौट पड़े।
रात करीब ढाई बजे बरेली हाईवे पर स्थित ललौरीखेड़ा चौकी के पास बरेली की ओर से आ रही उत्तराखंड की रोडवेज से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार मां विमला देवी पत्नी कल्लू की मौके पर मौत हो गई। जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची जहानाबाद पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। घटना की सूचना परिवार वालों को देकर शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। इधर, घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बरेली रेफर कर दिया है।
बरेली हाईवे पर रविवार रात बस और कार की टक्कर हो गई थी। हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। - सुनील कुमार, सीओ सदर