घुंघचाई। फोन पर एक युवक ने युवती की आवाज बनाकर युवक से लंबे समय तक बातचीत की। आरोप है कि अपनी बातों में फंसाकर उसे कई बार में तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। इसके बाद आरोपी युवक ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। ठगी के शिकार ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव रामपुर बसंतपुर निवासी रमाकांत सिंह ने बताया कि 20 जून 2022 को घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव मटेहना निवासी एक युवक धान की रोपाई कराने के लिए उसे खटीमा थाना क्षेत्र के गांव झनकट में ले गया था। वहां पर काम करने के दौरान मटेहना के युवक ने उन्हें एक अन्य युवक का फोन नंबर दे दिया। इसी नंबर पर जब उन्होंने बात की तो दूसरी ओर से युवती के बोलने जैसी आवाज आई।
आरोप है कि दूसरी ओर बोलने वाले व्यक्ति ने उसे फोन काॅल पर अपने झांसे में ले लिया। करीब डेढ़ साल तक उससे युवती बनकर फोन पर बात करता रहा। इसके बाद रुपये डलवाने के लिए कहा।
जिस पर उन्होंने अलग-अलग तारीखों में कुल तीन लाख रुपये गूगल पे के माध्यम से डाल दिए। विगत 27 अगस्त के बाद उसने अपना फोन बंद कर लिया। उन्होंने कई बार बात करनी चाही लेकिन संपर्क नहीं हो सका। पीड़ित ने मामले की पूरी जानकारी अपने परिचित लोगों को दी। लोगों ने जब जानकारी की तो पता चला कि ठगी करने वाला युवक पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव चांट फिरोजपुर का है। पीड़ित ने पुलिस को मामले की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। इसकी जांच की जा रही है।