पीलीभीत। विकास कार्याें में वित्तीय अनियमितता की शिकायत पर डीएम ने दो ग्राम पंचायतों के कार्यों की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की है। जांच टीम को 15 दिनों के अंदर साक्ष्यों के साथ जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ब्लॉक बरखेड़ा क्षेत्र के गांव विक्रमपुर निवासी शोहरत मदार, अली मोहम्मद, चिंतागणि ने डीएम संजय कुमार को शपथपत्र पर शिकायत की। प्रधान ने वर्ष 2021-22 में सीसी निर्माण कार्य के नाम पर धनराशि निकाली, लेकिन कार्य नहीं कराया गया। इसी वर्ष पंचायतघर में फर्नीचर के नाम पर रुपये निकाले गए, जबकि फर्नीचर का कोई कार्य नहीं किया गया। अन्य विकास कार्याें के नाम पर भी धनराशि निकाली गई।
डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी युगल किशोर सांगुड़ी व सहायक अभियंता रोहित भट्ट की दो सदस्यीय टीम गठित कर जांच के आदेश दिए है। वहीं ब्लॉक बिलसंडा क्षेत्र के गांव बिलासपुर निवासी अर्पित त्रिपाठी ने डीएम से शिकायत की। बताया कि खड़ंजा निर्माण कार्य कराए बिना ही उसे पूरा दिखा दिया। साथ ही अन्य कार्यों में भी अनियमितता बरती गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी व निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता को जांच सौंपी है। साथ ही निर्देश दिए कि जांच टीम 15 दिनों के भीतर जांच आख्या रिपोर्ट साक्ष्यों सहित उपलब्ध कराए। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि डीएम के आदेश पर दोनों ग्राम पंचायतों में जांच टीम गठित कर दी गई है।