पीलीभीत। ग्रामीणों की शिकायत पर कराई गई जांच में अमरिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत रफियापुर के विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता मिली हैं। मनरेगा कार्यों में गड़बड़ी पाई गई है। टीम ने रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। इसमें धनराशि की वसूली की बात भी कही है।
अमरिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत रफियापुर के कांता प्रसाद, मनोज कुमार, राकेश व महेंद्र पाल आदि ने जनवरी में डीएम को शपथ पत्र पर शिकायत देकर ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। डीएम की ओर से टीम गठित कर जांच कराई गई। जांच अधिकारी जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अशोक कुमार व सहायक अभियंता बाढ़ खंड ने जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी है। जांच में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता पाई गई है। मोहम्मद के खेत से पुलिया तक नाला खुदान के कार्य में एक लाख से अधिक का गलत भुगतान पाया गया। जमुना प्रसाद के खेत से मोहम्मद हुसैन के खेत नाला खोदाई में भी वित्तीय अनियमितता मिली है। स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक को मनरेगा मजदूरी का भुगतान किया गया। श्मशान घाट पर पौधरोपण और अन्य कार्यों के लिए भी गलत तरीके से धनराशि निकाली गई।