कोतवाली क्षेत्र में 24 घंटे में हुए तीन हादसे
घायलों का सीएचसी में चल रहा है इलाज
कोतवाली क्षेत्र में तीन स्थानों पर बीते 24 घंटों में हुए सड़क हादसों में एक ग्रामीण की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चौखंडी निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि उनके पिता 55 वर्षीय करन सेन मंगलवार की शाम किसी काम से पड़ोसी गांव दौलतपुर हीरा पैदल ही जा रहे थे। बीसलपुर-खुदागंज रोड के दौलतपुर चौराहे पर बीसलपुर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर होने के बाद चालक बाइक लेकर गांव रढ़ैता की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर घायल के घर वाले मौके पर पहुंच गए। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घर वाले घायल को जिला अस्पताल ले जाने के बजाए बरेली ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घर वाले शव कोतवाली ले आए। मृतक के पुत्र सुभाष ने कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस ने सुभाष की तहरीर पर कोतवाली क्षेत्र के ही गांव रसायाखानपुर में रहने वाले अज्ञात बाइक चालक के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट में बाइक के नंबर का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इधर मोहल्ला पटेलनगर निवासी रामऔतार बुधवार को सुबह डिग्री कालेज रोड पर टहलने गए थे। रास्ते में पुलिया के पास विपरीत दिशा से आई तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर होने के बाद चालक नगर की ओर भाग आया।
जिला शाहजहांपुर के कस्बा तिलहर की मधुवन कालोनी निवासी दीपक बुधवार को दोपहर बाइक द्वारा बीसलपुर आ रहा था। बाइक पर उनकी मां उर्मिला भी सवार थी। रास्ते में गांव चठिया के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर में मां बेटे के अलावा दूसरी बाइक पर सवार शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र के गांव ऊनकला निवासी जकी खां और तैयब भी घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।