पीलीभीत। दर्ज कराई रिपोर्ट में समझौते का दबाव बनाने के लिए भर्ती घायल को धमकाने जिला अस्पताल पहुंचे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद समेत तीन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया और उसे जेल भेज दिया गया। वहीं घटना के बाद से अस्पताल में घायल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम जतीपुर निवासी महेंद्र पुत्र बेचेलाल को 12 मार्च को गांव के ही दूसरे समुदाय के कुछ युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। घायल महेंद्र का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
इस मामले में पहले ही बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम ठिलिया निवासी राजेश पुत्र गोविंद राम की ओर से असलम, हनीफ, उस्मान और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इधर मंगलवार शाम को घटना में नया मोड़ ले लिया, जब तीन युवक जिला अस्पताल पहुंचे और उपचाराधीन महेंद्र पर समझौते का दबाव बनाने लगे।
आरोप है कि समझौता न करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान महेंद्र ने शोर मचा दिया, इससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और सिक्योरिटी गार्डों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से भाग गए।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। इस मामले में महेंद्र की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने ग्राम जतीपुर निवासी इमरान अली को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।