पीलीभीत। नगर पंचायत नौगवां पकड़िया की चेयरपर्सन के पति और किसान नेता के बीच हुए विवाद के मामले में बृहस्पतिवार देर रात तक हंगामे के बाद पुलिस ने क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर ली।
चेयरपर्सन के पति संतोख संधू की तहरीर पर किसान नेता निसार अहमद को नामजद किया गया है। वहीं घटना के बाद नगर पंचायत में तनाव की स्थिति के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। इस मामले में बृहस्पतिवार देर रात तक चेयरपर्सन संदीप कौर समर्थकों के साथ सुनगढ़ी थाने में धरने पर बैठी रहीं थीं।
बृहस्पतिवार को नौगवां पकड़िया में चेयरपर्सन के पति संतोख संधू औैर किसान नेता निसार अहमद के बीच विवाद हो गया था। मामले में निसार अहमद के पक्ष में भाकियू भानू गुट के कार्यकर्ताओं ने सुनगढ़ी थाने में पहुंचकर धरना दिया था। करीब तीन घंटे तक चले धरने के बाद पुलिस ने चेयरपर्सन के पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
कार्रवाई की जानकारी लगते ही चेयरपर्सन संदीप कौर ने समर्थकों के साथ सुनगढ़ी थाने पहुंचकर धरना शुरू कर दिया था। रात करीब साढ़े दस बजे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने संतोख संधू की तहरीर पर किसान नेता नौगवा पकड़िया निवासी निसार के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर ली।निष्पक्ष विवेचना करने का आश्वासन देने के बाद चेयरपर्सन, उनके पति समर्थकों के साथ थाने से हटे थे। तनाव की स्थिति को देखते हुए नौगवां पकड़िया में शुक्रवार को भी भारी पुलिस फोर्स तैनात रही।
चेयरपर्सन पत्नी के खिलाफ किया अभद्र भाषा का प्रयोग
संतोख संधू की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि किसान नेता निसार पुत्र लल्लू ने सार्वजनिक रूप से उनकी चेयरपर्सन पत्नी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि इसकी रिकॉर्डिंग किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें भेजी गई। जब उन्होंने निसार अहमद को बातचीत के लिए बुलाया तो उसने उनके कार्यालय में भी गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दी। इस आधार पर पुलिस ने निसार अहमद के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया।
दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - दीपक चतुर्वेदी, सीओ सिटी