बीसलपुर। क्षेत्रीय लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बीसलपुर से रामपुर और मुरादाबाद के लिए जल्द ही सीधी बस सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों की ओर से प्रस्तावित मार्ग का सर्वे और सत्यापन का काम पूरा कर लिया गया है। अब जल्द ही इस मार्ग पर बस का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
अभी तक रामपुर और मुरादाबाद जाने वाले यात्रियों को सीधे बस की सुविधा नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को दूसरे मार्गों से होकर जाना पड़ता है या बीच में बस बदलनी पड़ती है। इससे उनका समय और किराया दोनों अधिक खर्च होते हैं। सीधी बस सेवा शुरू होने से बीसलपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
विभागीय स्तर पर मार्ग का सत्यापन पूरा होने के बाद अब बस संचालन की तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इस संबंध में आगे की प्रक्रिया पूरी कर सेवा शुरू कराई जाएगी। इससे रामपुर और मुरादाबाद जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। एआरएम विपुल पाराशर ने बताया कि सर्वे काम पूरा कर लिया गया है। जल्द ही इस बस का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।