पीलीभीत/ अमरिया। सितारगंज हाइवे पर बेकाबू ट्रक से कुचल कर 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। शव जिला अस्पताल ले जाने से नाराज ग्रामीणों ने हाइवे जाम कर दिया। सीओ के समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण बमुश्किल शांत हुए। इस दौरान करीब एक घंटे हाइवे पर आवागमन पूरी तरह से ठप रहा।
थाना क्षेत्र के ग्राम हर्रायपुर निवासी 15 वर्षीय मोहम्मद शादाब पुत्र मोहम्मद नूर गांव के ही स्टार पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। मंगलवार को वह गांव के ही मोहम्मद इमरान के साथ बाइक से गैस सिलेंडर लेकर अमरिया आ रहा था। सितारगंज हाइवे पर ग्राम बढ़ेपुरा गुरुद्वारा के निकट बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दोनाें बात करने लगे। इसी बीच सितारगंज की ओर से आ रहे बजरी भरे ट्रक संख्या यूपी 26/9107 ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मोहम्मद शादाब की पहिए के नीचे आकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मोहम्मद इमरान मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। उधर सूचना पर पहुंची 108 समाजवादी एंबुलेंस उसे लेकर जिला अस्पताल लाई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही छात्र के घर कोहराम मच गया। रोते- बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। शव मौके पर न मिलने से गुस्साए लोगों ने हाइवे पर जाम लगा दिया और शव न आने तक हाइवे बंद रखने की घोषणा कर दी। सूचना पर सीओ जहॉनाबाद बसंत लाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को ग्राम प्रधान इरफान अहमद, पूर्व प्रधान शब्बीर आदि की मदद से समझाबुझाकर किसी तरह शांत कराया। तब जाकर करीब एक घंटे के बाद जाम खुल सका। मृतक के दो भाई और दो बहन हैं। वह भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद से उसकी मां शाहीन बेगम बदहवास हो गई।