बीसलपुर। मेन मार्केट में लगा बिजली का एक पोल काफी समय पूर्व भारी वाहन की टक्कर लगने से तिरछा हो गया था, जो विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने अभी तक सही नहीं कराया है। इससे हर समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। बार बार कहने के बावजूद जब विभागीय कर्मचारियों ने कोई गौर नहीं किया, तभी आसपास के दुकानदारों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने आज विद्युत विभाग के विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विद्युत विभाग इस समस्या का जानबूझकर निस्तारण नहीं कर रहा है। आधा घंटे बाद दुकानदारों ने प्रदर्शन स्वयं खत्म कर दिया।
प्रदर्शनकारियों में विद्युत विभाग के प्रति काफी रोष था। प्रदर्शन में नीरज वैश्य, दीपक अग्रवाल, पारुल गुप्ता, कृष्ण कुमार अग्रवाल, अवनीश सिंघल, सोनू मित्तल, गोपाल कृष्ण अग्रवाल और अनुज मित्तल समेत तमाम दुकानदार शामिल थे।