मंडी समिति में मतगणना स्थल का निरीक्षण करते डीएम संजय कुमार सिंह । संवाद
पीलीभीत। चार जून से होने वाली मतगणना को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। मतगणना में कुल 376 कार्मिकों को लगाया गया है। इसमें 304 ईवीएम पर मतों की गिनती की जाएगी, तो वहीं 72 कर्मचारी पोस्टल बैलेट की गिनती करेंगे। इसको लेकर मतगणना कर्मियों को मंगलवार को गोमती सभागार में पहला प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा मंडी समिति स्थित मतगणना स्थल का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया।
मतगणना को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। साथ ही कार्मिकों को भी लगा दिया गया है। इसमें ईवीएम के लिए 304 और पोस्टल बैलेट के लिए 72 कार्मिकों को लगाया गया है। यह लोग अपने रोस्टर के अनुसार मतगणना करेंगे।
मतगणना कार्मिकों को मंगलवार को गोमती सभागार में पहले चरण का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें करीब 140 कर्मी शामिल हुए। प्रभारी कार्मिक धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कर्मियों को ईवीएम खोलने और गिनती के बारे में बताया। इसके साथ ही पोस्टल बैलेट की भी जानकारी दी।
बुधवार को भी दो शिफ्टों में कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिर अंतिम प्रशिक्षण पहली और दूसरी जून को दिया जाएगा। प्रभारी कार्मिक ने बताया दो दिनों में सभी कर्मियों को प्रशिक्षण देना है।
मंडी समिति में मतगणना स्थल का निरीक्षण करते डीएम संजय कुमार सिंह । संवाद