पूरनपुर। नौकरी लगवाने का झांसा देकर थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव महादेव माती निवासी अमरीश से 4.15 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। ठगी का एहसास होने पर उसे 65 हजार रुपये वापस कर दिए गए। शेष 3.50 रुपये वापस न होने पर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है।
अमरीश ने बताया कि लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी निवासी कपिल शर्मा की बुआ उसके गांव में रहती है। कपिल के गांव आने को लेकर उससे उसकी जान पहचान हो गई। कपिल ने पीलीभीत में एमएसएमआई विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और छह लाख रुपये की मांग की। उससे दो लाख रुपये अग्रिम और 15 हजार रुपये फाइल बनवाने के नाम पर ले लिए गए। इसके बाद फरमान, इमामुद्दीन के खाते में कपिल ने रुपये ट्रांसफर कराए।
लखनऊ ले जाकर नौकरी का लेटर जारी होने की जानकारी देकर लखनऊ में फिरोज नाम के युवक से मिलवाया। तब उसे बताया गया कि उसका नियुक्ति पत्र डीएम लखनऊ को मेल कर दिया गया है, जो कुछ दिन बाद उसे डाक से मिलेगा। उससे कुल 4.15 लाख रुपये की ठगी की गई है। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल रिसीव करना बंद कर दिया। लखनऊ पहुंचने पर फिरोज ने उसे ठगी होने की जानकारी दी और 65 हजार रुपये वापस कराए। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने एसपी के आदेश पर अमरीश की ओर से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।