कलीनगर, माधोटांडा और पूरनपुर क्षेत्र के रास्तों को भी किया जाएगा दुरुस्त
पीलीभीत। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए पहल शुरू हो गई है। अब 16 संपर्क मार्गों के पुनर्निर्माण के कार्यों को स्वीकृत सूची में शामिल किया गया है। इन मार्गों के निर्माण से गांवों में आवागमन सुगम होगी। इसमें पूरनपुर, कलीनगर, माधोटांडा और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क मार्ग शामिल हैं।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में ककरौआ मोड़ से सबलपुर की ओर फकीर गांव तक संपर्क मार्ग, पूरनपुर-कलीनगर मार्ग पर नवदिया घनश्याम से बजरिया गोटिया तक का रास्ता और कलीनगर बाजार-सिरसा सरदाह रोड से लालपुर गांव तक संपर्क मार्ग का पुनर्निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा सुखदास दललगंज से डिओढ़ी गोटिया, बिशुनी मार्ग से भूड़ा मंदिर और पकड़िया विजयपुर मार्ग से सरदार जोगेंद्र सिंह की ओर जाने वाले संपर्क मार्गों को भी शामिल किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए महोला डिग्री कॉलेज मार्ग से टाह फार्म होते हुए उत्तराखंड सीमा तक संपर्क मार्ग, बहेड़पुर-हरायपुर मार्ग से कटमटा संपर्क मार्ग के प्रथम और द्वितीय भाग, महोला सितारगंज मार्ग से कटैया पंडरी संपर्क मार्ग और धनकुना-मझोला मार्ग से धनकुना गांव तक के रास्ते का भी पुनर्निर्माण किया जाना है। इसके अलावा लालपुरिया से साहब सिंह तक संपर्क मार्ग, मझोला-बिछी मार्ग से बिहरनी तक संपर्क मार्ग, माधोटांडा से बराही मार्ग के प्रथम भाग और पीलीभीत-टनकपुर हाईवे से टांडा बिजैसी तक संपर्क मार्ग के पुनर्निर्माण का कार्य भी शामिल है। इन सड़कों के दुरुस्त होने से ग्रामीणों, किसानों और अन्य राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिल सकती है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार जैन ने बताया कि जिले के 16 मार्गों पर कार्य कराया जाना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कुछ जगह पर काम शुरू हो चुका है। शेष काम भी जल्द शुरू करा दिए जाएंगे। संवाद