अमरिया (पीलीभीत)। मस्जिद में नमाज से पूर्व अजान देेते वक्त एक किशोर को वहां रखे माइक को छूते ही करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। परिजन ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। पोस्टमार्टम नहीं कराया।
अमरिया थाना क्षेत्र के गांव कैचूटांडा निवासी रियाज अहमद तांगा बुग्गी चलाते हैं। इसके अलावा कुछ जमीन है, जिस पर खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र सद्दाम हुसैन कक्षा चार का छात्र था। बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह नजदीक की मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए गया। वह मस्जिद परिसर में अकेला था। वहां उसने अजान देने के लिए जैसे ही माइक पकड़ा उसको करंट लग गया। मौके पर किसी के मौजूद न होने के कारण बचाव नहीं हो सका। कुछ देर बाद लोग मौके पर पहुंचे वहां पर सद़्दाम का शव पड़ा मिला। माइक उसके शरीर से चिपका हुआ था, जिसमें करंट दौड़ रहा था। लोगों ने सद्दाम को उठाने की कोशिश की तो उनको भी करंट का झटका लगा। जिसके बाद सप्लाई बंद कर दी गई। उसके बचे होने की उम्मीद पर पीलीभीत के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने सद्दाम के मृत होने की पुष्टि की। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सभी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीण परिजनों को ढाढ़स बंधाने में जुटे रहे। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। मृतक आठ भाई-बहनों में सबसे छोटा था।