पूरनपुर। रुपये खाते में भेजने का मेसेज भेजकर ठग ने मेडिकल स्टोर स्वामी से 13500 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का एहसास होने पर मेडिकल स्वामी ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
गांव सबलपुर निवासी सादिक हुसैन वारसी का गांव में ही मेडिकल स्टोर है। सादिक ने बताया कि 26 दिसंबर को एक ठग ने क्षेत्र के एक कॉलेज में आर्मी का कैंप होने की जानकारी देकर उसे दवाई की जरुरत होने की जानकारी मोबाइल पर दी। मोबाइल पर ही दवाइयों की सूची भेजी। सूची के अनुसार उसने दवाओं के पैकेट तैयार करा लिए।
अगले दिन फोन करने वाले को दवाइयों के 4388 रुपये के बिल को ठग के व्हाट्सएप पर डाल दिया। ठग ने उसे ऑनलाइन 14388 रुपये ट्रांसफर करने का मेसेज डाला। कुछ देर बाद उसकी गाड़ी पेट्रोल पंप पर खड़ी होने और अधिक डाले गए दस हजार रुपये ऑनलाइन अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। कुछ देर बाद ठग ने २० हजार रुपये खाते में डालने का मेसेज भेजा। फोन कर कहा कि 20 हजार रुपये उसके खाते में और डालेे हैं। रुपयों की उसे जरुरत है। डाले गए 20 हजार रुपये ऑनलाइन ही उसे वापस कर दे। सादिक ने बताया कि खाते में रुपये न होने की जानकारी देने पर ठग ने कुछ रुपये डालने को कहा। ठग के झांसे में आकर उसने 3500 रुपये और डाल दिए। बाद में खाता चेक करने पर उसे ठगी का एहसास हुआ। सादिक ने ठगी की जानकारी पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।