आगरा जोन के आईजी सुजीत पांडेय ने कहा कि तेल माफिया को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मनोज गोयल समेत फरार 13 आरोपी जल्द सलाखों को पीछे पहुंचेंगे। सभी पर एनएसए भी लगाया जाएगा। तेल चोरी में सहयोगी रिफाइनरी कर्मियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, यह पुलिस की जांच का पार्ट-टू होगा।
बुधवार को तेल चोरी मामले की समीक्षा के लिए आए आईजी ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए तेल माफियाओं के प्रति अपनी मंशा साफ कर दी। आईजी ने तेल चोरी के खुलासे में मथुरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका के लिए एसएसपी मोहित गुप्ता की पीठ थपथपाई। आईजी का कहना है कि चार तेल चोरों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब तेल माफिया मनोज गोयल समेत 13 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाकर पुलिस का पार्ट-टू शुरु होगा। इसमें ठोस साक्ष्य मिलने के बाद तेल चोरी में सहयोगी रिफाइनरी कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
तेल चोरी से मुनाफा कमाने वाले सभी आरोपियों के बैंक अकाउंट खंगाले जा रहे हैं। आईजी के साथ एसएसपी के अलावा एसपी देहात अरुण कुमार सिंह, एएसपी कुंवर अनुपम सिंह मौजूद रहे।