ताजमहल का दीदार करने आए पर्यटक शुक्रवार को भी ताज देख सकेंगे। देशी और विदेशी पर्यटकों के लिए नई शुल्क दर तय की गई हैं। इसके लिए भारतीयों को पांच हजार रुपये और विदेशी पर्यटकों को सौ अमेरिकी डॉलर देने होंगे।
वहीं अतिविशिष्ठ अतिथियों के लिए ताजमहल का एक द्वार और आधा भाग ही बंद किया जाएगा। गुरुवार को मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर की अध्यक्षता में सर्किट हाउस में बैठक के दौरान प्रस्ताव पास किया गया।
इसमें कहा कि शुक्रवार को ताजमहल सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक पर्यटकों के लिए खोला जाए। इसके लिए एएसआई पुख्ता इंतजाम करें। ताज में अतिविशिष्ठ अतिथियों के आगमन के समय ताजमहल जन सामान्य के लिए बंद रहने से होने वाली दिक्कतों को लेकर भी चर्चा की गई।
कहा गया कि एसएसपी आगरा महानिदेशक सुरक्षा से चर्चा कर लें कि ताजमहल में अतिविशिष्ठ अतिथि के आगमन पर एक द्वार तथा आधा भाग ही प्रभावित किया जाए। बताते चलें कि शुक्रवार को ताजमहल के रखरखाव के लिए अवकाश रखा जाता है। केवल नमाजियों को ही एक घंटे के लिए ताजमहल मसजिद के लिए प्रवेश की इजाजत दी जाती है।
बैठक में जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर, एसएसपी शलभ माथुर, एडीए उपाध्यक्ष अजय चौहान, अधीक्षण पुरातत्वविद् एनके पाठक, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी, सीओ ताज सुरक्षा, कमांडेंट सीआईएसएफ, टूरिज्म गिल्ड के अध्यक्ष देवाशीष भौमिक, होटल एंड आनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश वाधवा, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान, टूरिस्ट वेलफेयर फेडरेशन के अध्यक्ष राजीव तिवारी आदि उपस्थित रहे।