नोएडा में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए मेट्रो विस्तार के दौरान स्टेशन चौराहों से थोड़ा दूर बनाए जाएंगे।
क्योंकि चौराहों के निकट स्टेशन होने से यातायात काफी प्रभावित होता है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए डीएमआरसी इस मामले पर मंथन करने में जुटी है।
दूसरी तरफ, ट्रैफिक विभाग ने प्राधिकरण की बैठक में यह प्रस्ताव पहले ही दे दिया है।
अक्सर देखने को मिलता है कि, सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से निकलते ही जाम से सामना करना पड़ता है। इसके अलावा इस चौराहे पर सुबह से लेकर रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है।
ऐसे में लोगों को कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही कुछ हाल सेक्टर 18 मेट्रो स्टेशन के आसपास भी है।
हालांकि, यहां पर अंडरपास का निर्माण हो चुका है, इसके बावजूद चौराहे पर भीड़ भाड़ रहती है। शहर की बढ़ती आबादी और सड़कों पर दबाव को देखते हुए मेट्रो विस्तार में स्टेशन को चौराहों से दूर रखने की योजना बनाई गई है।
सिटी सेंटर से सेक्टर 62 मेट्रो विस्तार का काम डीएमआरसी को करना है। करीब आठ किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर छह स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनका चयन हो चुका है।
इसलिए अभी से भविष्य की योजना पर कार्य करते हुए चौराहों और स्टेशन के बीच पर्याप्त दूरी रखते हुए ट्रैफिक को व्यवस्थित किया जाएगा।
छह प्रमुख स्टेशन
1. सेक्टर-34/51
2. सेक्टर-71 जंक्शन
3. सेक्टर-61 साईं मंदिर
4. सेक्टर-59 मामूरा चौराहा
5. 62 फोर्टिज अस्पताल
6. इलेक्ट्रानिक्स सिटी