ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (आईआईएमए) की ओर से आयोजित 10वां नेशनल कॉम्प्टीशन फॉर मैनेजमेंट स्टूडेंट अवार्ड एमिटी बिजनेस स्कूल (एबीएस) के छात्रों ने जीता है।
एबीएस में एमबीए मार्केटिंग एंड सेल्स के छात्र अभिजीत वर्मा और प्रफुल्ल रत्न अग्रवाल की टीम ने ये अवार्ड जीता। उन्हें 25 हजार रुपये, प्रमाणपत्र और ट्राफी प्रदान की गई।
इस साल यह प्रतियोगिता ‘अस्थिर समय में प्रोत्साहित नेतृत्व और युवा शक्ति’ विषय पर आधारित थी। प्रतियोगिता का आयोजन देश भर में किया गया, जिसके क्षेत्रीय चरण दिल्ली, बैंगलोर, कोलकाता, और मुंबई में हुए।
चुनी गई 12 टीमों ने फाइनल में हिस्सा लिया। हर टीम ने निर्णायक मंडल के सामने 10 मिनट का प्रजेंटेशन दिया।
एमिटी की टीम ने अस्थिर समय की आंतरिक, सामाजिक, आर्थिक, संस्थागत एवं पर्यावरण जुडे़ विषयों की जानकारी दी। इसके बाद सवाल-जवाब के दौर के बाद विजेता चुने गए।
प्रतियोगिता में इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड की एचआर-डायरेक्टर वीणा स्वरूप, एनटीपीसी के एडिशनल जनरल मैनेजर जॉन मथाई, पर्यावरण एवं वन मंत्रालय भारत सरकार के एचआर कंसलटेंट प्रणव कौल समेत कई लोग निर्णायक मंडल में शामिल थे।
ये वार्षिक प्रतियोगिता भावी प्रबंधकों को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करती है, जिसमें देश भर के सैकड़ों प्रबंधन संस्थानों की 158 टीमों ने हिस्सा लिया था। यूनिवर्सिटी ने अपने छात्रों की जीत पर खुशी जताई।