नोएडा के बिजली घर में खराब सीटी (उपकरण) ने लोगों की नींद उड़ा दी। सेक्टर 47 बिजली घर में आई खराबी से सेक्टर 46, 47, 48 व बरौला गांव में बुधवार रात सप्लाई नहीं हो सकी।
रात भर इंजीनियर काम करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। बृहस्पतिवार दोपहर में ही स्थिति सामान्य हो पाई। बुधवार की रात करीब पौने एक बजे सेक्टर 47 के 11 केवी बिजली घर में दो सीटी खराब हो गई।
इससे जुड़े हुए तीन सेक्टर और एक गांव में अंधेरा पसर गया। खराबी की सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और काम शुरू किया गया। एक्जीक्यूटिव इंजीनियर एपी सिंह ने बताया कि पूरी टीम रात में काम करती रही।
दो बजे तक स्थिति थोड़ी सुधरी, लेकिन इसी दौरान इमरजेंसी रोस्टिंग आ गई और काम बाधित हो गया। हालांकि, ट्रांसमिशन से बात करके कार्रवाई दोबारा शुरू की गई, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका।
सुबह दूसरे ट्रांसफार्मर से सप्लाई की गई। अन्य सेक्टरों की स्थिति को ध्यान में रखकर दो-दो घंटे की आपूर्ति हुई। बृहस्पतिवार दोपहर के बाद स्थिति नियंत्रण में आई और आपूर्ति सामान्य हो सकी।
सीटी की मदद से ट्रांसफार्मर को नियंत्रित करके सप्लाई आगे बढ़ाई जाती है, ऐसे में सीटी खराब होने से पूरा बिजली घर ही काम करना बंद कर देता है।