नोएडा। नोएडा के करीब 95 प्रतिशत छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट की परीक्षा में पास हुए हैं। इनमें से साइंस के लगभग 80 प्रतिशत छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में पास हुए हैं। वहीं कला संकाय में आठ कॉलेजों में से छह का रिजल्ट लगभग शत प्रतिशत है।
जिले में 14895 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से करीब 4000 छात्र नोएडा से शामिल थे। आरके इंटर कॉलेज, सदरपुर के 170 में से 168 विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। वहीं केसीएस इंटर कॉलेज, बरौला के सभी छात्र पास हो गए। नवजीवन इंटर कॉलेज, भंगेल का रिजल्ट भी 100 फीसदी रहा। यहां 30 छात्र प्रथम श्रेणी जबकि 41 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। राष्ट्रीय शिक्षा सदन की छात्रा मनीषा को 80.6 फीसदी अंक प्राप्त हुए। चेतराम शर्मा कन्या इंटर कॉलेज की 45 छात्राओं ने 75 फीसदी से ज्यादा अंक पाए। वहीं आठ छात्राओं को 80 फीसदी से भी अधिक अंक मिला। यहां साइंस स्ट्रीम की सभी छात्राएं प्रथम श्रेणी में पास हुईं। साइंस और आर्ट्स स्ट्रीम में 119 छात्र प्रथम श्रेणी में और पांच छात्र सेकेंड डिवीजन पास हुए। नोएडा कन्या इंटर कॉलेज, भंगेल की 261 छात्राओं में से 234 प्रथम और 27 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं।
इंजीनियर और आईएएस बनना चाहते हैं टॉपर्स
नोएडा। इंटरमीडिएट परीक्षा के ज्यादातर टॉपर्स की तमन्ना इंजीनियर बनने की है। वहीं कुछेक ने आईएएस बनने का भी सपना संजोया है। अमर उजाला ने ऐसे ही टॉपर्स से बातचीत कर उनकी प्रतिक्रिया ली। यहां नोएडा टॉपर प्रीति कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग करना चाहती हैं। वहीं दूसरे स्थान पर अंकुर भी इंजीनियरिंग में करियर बनाना चाहते हैं। वहीं अनुपम सिंह आईएएस बनना चाहती हैं। इसके अलावा नितिन और बृजेश भी इंजीनियर बन देश का नाम रोशन करना चाहते हैं।