गांव बरूकी में घर से बुलाकर युवक की हत्या
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव बरूकी में युवक की घर से बुलाकर ले जाने के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव पास के गांव गादला में शराब ठेके के पास पड़ा मिला। पिता ने युवक के तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव बरूकी निवासी मोहित (30) शहर के भोपा रोड स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। युवक को बुधवार रात उसके तीन दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने उसकी तलाश की तो युवक का शव गांव गादला में शराब के ठेके के पास पड़ा मिला। युवक के शरीर पर मारपीट के साथ ही उसके गले पर घोंटे जाने के निशान थे। इस पर पिता गंगाराम ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए मोहित के तीन दोस्तों गांव बरूकी के ही गजेंद्र व गगन और गांव गादला निवासी एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या की सूचना मिलने पर सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए शव मोर्चरी भिजवा दिया।
अगले महीने होनी थी मोहित की शादी
भोपा। गांव बरूकी निवासी मोहित के परिवार में उस समेत तीन भाई और पांच बहनें हैं। कुछ दिन पूर्व ही मोहित के छोटे भाई आशु की शादी हुई थी, जिसके चलते वह फिलहाल ड्यूटी पर नहीं जा रहा था। वहीं, पिता गंगाराम ने बताया कि मोहित का भी रिश्ता हो चुका था और अगले महीने उसकी भी शादी होनी थी।
सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि पिता गंगाराम की तहरीर के आधार पर युवक के दोस्तों गजेंद्र व गगन के साथ ही एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वे घर से फरार मिले। हत्या की वजह का खुलासा भी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।