मुजफ्फरनगर। गांव पचेंडा में कोल्हू पर मजदूरी करने वाले युवक की शनिवार देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन शव लेकर पैतृक गांव लुहारी खुर्द पहुंचे, लेकिन वहां शव की गर्दन पर फांसी के निशान देख पिता ने पुलिस को इसकी सूचना दी। नई मंडी थाना पुलिस ने हत्या-आत्महत्या की आशंका के बीच शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। फिलहाल घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
चरथावल क्षेत्र के गांव लुहारी खुर्द निवासी बंटी (25) नई मंडी थाना क्षेत्र के गांच पचेंडा में जाबिर के कोल्हू पर ईंधन झोंकने का काम करता था। वह पत्नी के साथ कोल्हू पर ही बने आवास में रहता था। इसी कोल्हू पर बंटी के ससुराल पक्ष व दो चाचा भी अपने परिवार के साथ रहकर मजदूरी करते हैं। शनिवार रात बंटी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जिस पर परिजन शव लेकर लुहारी खुर्द चले गए। सूचना पर शाहपुर में मजदूरी करने वाले बंटी के पिता राज सिंह भी लुहारी खुर्द पहुंच गए। रविवार सुबह अंतिम संस्कार के दौरान पिता ने बंटी के शव की गर्दन पर फांसी के निशान देख पुलिस को सूचना दी। इस पर चरथावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल नई मंडी थाने का होने का चलते परिजनों को यहीं भेज दिया। नई मंडी थाना पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। सीओ मंडी हिमांशु गौरव ने बताया कि, प्रथम दृष्टया जांच में युवक द्वारा आत्महत्या करने की जानकारी मिली है। पिता की शिकायत पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी