हाईवे पर कार की टक्कर से युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। जनपद में शुक्रवार शाम हाईवे के रामपुर तिराहे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से पैदल जा रहे युवक की मौत हो गई। शाहपुर में अज्ञात वृद्ध सड़क पर अचेतावस्था में पड़ा मिला, जिसकी भी जिला अस्पताल में मौत हो गई। दो अन्य युवक भी हादसे में घायल हुए हैं।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बागोवाली निवासी कुर्बान अली (36) शुक्रवार को किसी काम से सिसौना गया था। शाम के समय वह पैदल ही सिसौना से गांव लौट रहा था। जैसे ही वह हाईवे के रामपुर तिराहे पर पहुंचा, पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उसे चपेट में लेकर कुचल दिया। हादसे में कुर्बान अली गंभीर रूप से घायल हो गया, आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। शाहपुर क्षेत्र में गांव हरसौली व काकड़ा के बीच शुक्रवार सुबह करीब 60 वर्षीय वृद्ध अचेतावस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। वृद्ध के शरीर पर लगी चोटों से उसके किसी हादसे में घायल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने वृद्ध को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन उसकी शनाख्त नहीं हो पाई है। इसके अलावा शुक्रवार दोपहर शहर के जानसठ रोड पर कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में गांव शेरनगर निवासी छोटू व सोनू शामिल हैं, जो स्कूटी पर किसी काम से महावीर चौक जा रहे थे। शेरनगर निवासी कुलदीप ने हादसे के आरोपी अज्ञात कार चालक के खिलाफ नई मंडी कोतवाली में तहरीर दी है।