हाईवे पर हुए हादसे में युवक की मौत
मुजफ्फरनगर/मंसूरपुर। हाईवे पर मंसूरपुर में सड़क पार कर रहे मेडिकल स्टोर संचालक को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी खतौली में मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, दो दिन पूर्व रोहाना में हादसे में घायल हुए युवक की भी उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव बोपाड़ा निवासी अंकित (30) मंसूरपुर में हाईवे पर आराधना मेडिकल स्टोर चलाता था। रविवार शाम करीब छह बजे अंकित किसी काम से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान मेरठ की ओर से आती तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे चपेट में लेकर टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक रोडवेज बस लेकर फरार हो गया। उधर, क्षेत्रीय लोग घायल अंकित को खतौली सीएचसी ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव रोहाना में 20 नवंबर को चीनी मिल परिसर निवासी विकल्प (मूल रूप से पश्चिम बंगाल निवासी) सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल युवक तभी से जिला अस्पताल में भर्ती था, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।