मुजफ्फरनगर, भोपा। नन्हेड़ा गांव में होली पर्व वाले दिन कमरे में बंद होकर एक युवक ने तमंचे से गोली मारकर आत्म हत्या कर ली। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद किया है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना भोपा क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा में शुक्रवार दोपहर जब ग्रामीण होली का त्योहार मना रहे थे। तब अचानक फायर की आवाज सुनकर सब चौंक गये। देखने पर पाया कि जितेंद्र उर्फ पिंटू (37) ने खुद को कमरे में बंद होकर गोली मार ली थी। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो उन्हें पिंटू का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। वहीं पास में ही एक तमंचा भी पड़ा हुआ था। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया। सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी भोपा गिरजा शंकर त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक पंकज राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पड़े तमंचे को अपने कब्जे में ले लिया। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। भोपा थाना प्रभारी पंकज राय ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। कुछ वर्षों पहले मृतक के बड़े भाई हरेंद्र ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।