रोहाना कलां में युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी
मुजफ्फरनगर/रोहाना। रोहाना कलां स्टेशन के पास बृहस्पतिवार सुबह युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। शव की पहचान गांव मथुरा निवासी के रूप में हुई। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव घर ले गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रोहाना कलां स्टेशन के पास बृहस्पतिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर युवक का शव पड़ा मिला। शव का धड़ रेलवे ट्रैक के बीच में पड़ा था, जबकि कटा सिर एक ओर था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के कपड़ों की तलाशी ली, तो जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान चरथावल क्षेत्र के गांव मथुरा निवासी अरविंद (22) के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे, जिन्होंने बताया कि अरविंद गृहक्लेश के चलते नाराज होकर घर से निकला था। परिजनों ने घटना के संबंध में किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई से इंकार किया, जिस पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पीड़ित परिजन शव लेकर घर लौट गए, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।