संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली ने पुलिस दिल्ली-दून हाईवे किनारे एक सील होटल में अनैतिक कार्य होने की सूचना पर छापेमार कार्रवाई की। होटल का पिछला गेट खुला मिला। होटल से कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने सभी बालिग युवक-युवतियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। पुलिस ने होटल मालिक को हिरासत में ले लिया है।
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने कुछ दिन पूर्व बागोवाली बाईपास के पास स्थित होटल लीऑन को अनैतिक कार्य की शिकायत होने पर सील किया था। नई मंडी कोतवाली पुलिस को मंगलवार को शिकायत मिली कि इस होटल का पीछे वाला गेट खोल कर वहां अनैतिक कार्य चल रहा है। नई मंडी कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो होटल का पिछला गेट खुला मिला। कई युवक व युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया, उन्हें पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया।
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने बताया कि होटल के पिछले गेट को भी सील कर दिया गया है। पुलिस ने होटल मालिक को हिरासत में लिया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।