मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सरकुलर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में दिवाली उत्सव के दौरान युवतियों से छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। हमले में युवक की आंख पर गंभीर चोट आई हैं। पुलिस ने घायल की मां की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांधी कॉलोनी निवासी नीतू बजाज ने थाना सिविल लाइन पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह नवंबर को सरकुलर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में दिवाली उत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में युवक-युवतियां अपने परिवारों के साथ शामिल होने पहुंचे थे।
विज्ञापन
आरोप है कि इसी दौरान नुमाइश कैंप निवासी अंश अरोड़ा और वेदांता रेजीडेंसी निवासी ऋतिक राणा जबरन कार्यक्रम में घुस आए। दोनों ने वहां मौजूद युवतियों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। आरोप है कि उनके बेटे ने युवतियों के साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध किया तो दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में उसके बेटे की आंख पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए ले जाया गया।
एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद नीतू बजाज की तहरीर पर अंश अरोड़ा और ऋतिक राणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।