मुजफ्फरनगर। ताराचंद वैदिक पुत्री डिग्री कॉलेज में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम में योग हेल्प वैलनेस सेंटर का उद्घाटन चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने किया। अग्रवाल ने कहा कि योग जीवन का एक महत्वपूर्ण अंग है।
योग प्रशिक्षिका पूनम शर्मा ने छात्राओं को योग कराया एवं उन्हें योग से होने वाले फायदे भी बताए। चेयरपर्सन ने कहा कि हमारे पूर्वज एवं ऋषि-मुनियों ने ही योग की शुरुआत की थी, क्योंकि योग से आदमी निरोगी होता है, यही वजह है हमारे पूर्वज एवं ऋषि मुनियों की आयु बहुत लंबी होती थी। आज के व्यस्त जीवन में थोड़ा सा समय हमें अपने आप के लिए भी निकालना चाहिए ताकि हम योग कर खुद को निरोगी बना सकें। प्राचार्या डॉ. संगीता चौधरी, डायरेक्टर संतोष, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिंपल चौधरी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल आदि मौजूद रहे।
निरोगी काया के लिए किया गया योग
मुजफ्फरनगर। भारतीय योग संस्थान की ओर से दो दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाईस्कूल में प्रारंभ किया गया।
योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने बताया कि शुभारंभ जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र से किया। योगाचार्य ने योग शिक्षकों को बताया कि एक शिक्षक का दायित्व है कि वह आयुष मंत्रालय के प्रोटोकॉल के अनुसार योग साधना कराएं। साधना कराते समय अपनी वाणी को मधुर बनाए रखें तथा कम से कम शब्दों का प्रयोग करें। केवल इतने शब्दों का प्रयोग करें कि सामने वाले की समझ में आ जाए। योग शिक्षक यज्ञ दत्त आर्य, डॉ. जीत सिंह तोमर, नीरज बंसल, क्षेत्रीय प्रधान राजीव रघुवंशी, जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर, वीर सिंह, योग शिक्षिका ज्योति, नीलम, सुमन, जेके मैनुवाल ने भाग लिया। ब्यूरो
स्वस्थ मस्तिष्क के लिए योग जरूरी
खतौली। बुढ़ाना रोड स्थित शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में योग कैंप का आयोजन किया गया। शुभारंभ कांता स्वरूप सिघंल ने किया। प्रधानाचार्य ने बच्चों को योग का महत्व बताया। योग आध्यात्मिक जीवन का विज्ञान है। जिसका प्रयोग करने से जीवन कई गुणों, विशेषताओं, कलाओं व शक्तियों से संपन्न बन जाता है। इसके अभ्यास से कार्य क्षमता में वृद्धि होती है। जीवन से तनाव खत्म हो जाता है। स्वस्थ शरीर और मस्तिष्क के लिए योग जरूरी है। योग शिविर में सोनिया गुप्ता, अनुज जैन, कैलाशचंद गोपाल, रविंद्र, नमन जैन, आदि शामिल रहे। संवाद