मुजफ्फरनगर। भाकियू जिलाध्यक्ष बनाए जाने के दस दिन बाद ही नीरज पहलवान ने प्रदेश अध्यक्ष से पदमुक्त करने की मांग कर दी। जिसके बाद संगठन ने छछरौली के योगेश शर्मा को जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है। 34 साल में पहली बार ब्राह्मण समाज से जिलाध्यक्ष बनाया गया है। नए जिलाध्यक्ष जल्द ही अपनी कार्यकारिणी की घोषणा करेेंगे।
भाकियू ने 22 अक्तूबर को पुरबालियान के नीरज पहलवान को जिलाध्यक्ष बनाया था। प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने बताया कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने उन्हें पत्र भेजकर पदमुक्त करने की मांग की थी, जिसके बाद योगेश शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। संगठन के 34 साल के इतिहास में पहली बार ब्राह्मण समाज से जिलाध्यक्ष बनाया गया है। रामपाल सिंह को अमरोहा, जितेंद्र सिंह जीते चौहान को हापुड़ का युवा जिलाध्यक्ष एवं अजय कंबोज को सहारनपुर का युवा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
---------------------------
नीरज पहलवान ने यह बताई वजह
भाकियू प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने सोशल मीडिया पर नीरज पहलवान का एक पत्र जारी किया है। पत्र में नीरज ने लिखा है कि वह बालियान खाप से है, जिस कारण भाकियू अध्यक्ष पर लोग सवाल उठा सकते हैं। वह नहीं चाहते कि उनकी वजह से कोई सवाल उठे, इस वजह से पद मुक्त होना चाहते हैं।
---------------------------
राजू और विकास ने छोड़ी भाकियू
पूर्व जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान के स्थान पर 22 अक्तूबर को नीरज पहलवान को जिलाध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले सदर तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा संगठन छोड़ चुके हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष रहे राजू अहलावत भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं।