भोपा। गांव जौली में अवैध रूप से काटी जा रही कालोनी का कार्य रुकवा दिया गया। जिला पंचायत के नोटिस के बाद जेसीबी चलवाकर निर्माण कार्य को तोड़ दिया गया।
नायब तहसीलदार विपिन कुमार ने बताया कि गांव जौली में नैयर हसनैन की भूमि पर भवन निर्माण कर कालोनी का निर्माण किया जा रहा था। जबकि जिला पंचायत के अभियंता ने छह मई को भूस्वामी को नोटिस भेजकर कहा था कि जिला पंचायत की मानचित्र की स्वीकृति प्राप्त किए बिना भवन निर्माण कार्य, प्लाटिंग कराया जा रहा, जोकि अवैध है। इस अवैध निर्माण को तत्काल रोक दें और निर्माण को तोड़ दें।
मंगलवार को नायब तहसीलदार विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भू स्वामी नैयर अब्बास ने बताया कि एक व्यक्ति ने उससे भूमि का सौदा कर अस्थाई निर्माण करा दिया था जिसकी शिकायत उन्होंने प्रशासन को 13 जनवरी को दी थी। अवैध निर्माण को तुड़वा दिया गया है।
उधर,जौली निवासी एडवोकेट शाइम हसन ने बताया कि एक प्रोपर्टी डीलर ने इसी भूमि में अनेक व्यक्तियों को प्लाट बेचे हुए है। अब ग्रामीणों के सामने डीलर को दी गई रकम वापसी होने की चिंता बन गई है।