जानसठ के गांव भलेड़ी में मतदान करने को लगी मतदाताओं की लाइन।
- फोटो : KHATAULI
महिलाओं ने पहले वोट डाला, फिर चूल्हा जलाया
जानसठ। जानसठ ब्लॉक क्षेत्र के गांवों में गांव की सरकार बनाने के लिए ग्रामीण मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। यहां तक कि महिलाओं ने पहले अपना वोट डाला। इसके बाद ही घर पहुंचकर महिलाओं ने रसोई में चूल्हा जलाया। मतदान करने को लेकर युवक, युवतियों और महिलाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
जानसठ ब्लॉक में 61 ग्राम पंचायतों में सोमवार को मतदान हुआ। सुबह से ही मतदान करने के लिए मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई थी। ग्रामीण राजकुमार, शमशाद, सलीम, हरपाल, राकेश, प्रदीप आदि ने बताया कि मतदान करने के लिए उन्होंने रविवार को शाम तक अपने खेतों का कामकाज निपटा लिया था। गेहूं की कटाई और गन्ने की छिलाई भी रविवार को बंद कर दी थी। युवकों ने अपने अपने परिवार में रहने वाले बुजुर्गों को सहारा दिया, वे उनको मतदान केंद्र तक ले गए और उनका वोट डलवाया।