संदिग्ध हालात में दिल्ली से शनिधाम मंदिर पहुंची महिला
मुजफ्फरनगर। दिल्ली के लोदी रोड से विवाहिता संदिग्ध हालात में यहां चरथावल मोड़ स्थित शनिधाम मंदिर तक पहुंच गई। यहां महिला ने मंदिर कमेटी पदाधिकारी के मोबाइल से अपने परिजनों को कॉल कर कार सवार कुछ लोगों पर दिल्ली से अपहरण कर लाने और खतौली में उनके चंगुल से छूटकर भागने की जानकारी दी। पुलिस व दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम ने शनिधाम पहुंचकर महिला से पूछताछ कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
चरथावल के मोहल्ला ईदगाह इमामबाड़ा निवासी महिला का निकाह कस्बे के ही युवक के साथ हुआ था। दंपती के करीब ढाई साल की बच्ची भी है। फिलहाल युवक पत्नी व बच्ची के साथ दिल्ली के लोदी रोड पर रहते हुए वहीं किसी फैक्टरी में काम करता है। सोमवार दोपहर उक्त महिला अपनी बच्ची के साथ बदहवास हालत में शहर के चरथावल मोड़ स्थित शनिधाम मंदिर पहुंची। महिला ने वहां मौजूद मंदिर कमेटी के पदाधिकारी शरद कपूर से अपने परिजनों से मोबाइल पर बात कराने के लिए कहा। इस पर शरद कपूर ने महिला को अपना मोबाइल दे दिया। महिला ने अपने परिजनों को कॉल कर बताया कि वह सोमवार सुबह बच्ची की दवा लाने के लिए लोदी रोड पर डॉक्टर के यहां जा रही थी। आरोप है कि घर से निकलते ही कुछ लोगों ने उसकी बच्ची की गर्दन पर चाकू लगाकर उसे कार में डालकर अपहरण कर लिया। कार में सात लड़कियां और भी बताई गईं, जिन्हें कार सवार लोग दिल्ली से लेकर खतौली पहुंचे। महिला के अनुसार खतौली में जब वे चाय पीने के लिए रुकी, तो वह एक अन्य युवती के साथ उनके चंगुल से निकलकर फरार हो गई और शनिधाम मंदिर तक जा पहुंची। वहीं, उसके साथ फरार हुई युवती कहां गई, इस संबंध में वह कुछ नहीं बता पाई। महिला के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। बुढ़ाना मोड़ चौकी प्रभारी एसआई भूपेंद्र कर्दम के साथ ही दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम व महिला के परिजन भी शनिधाम जा पहुंचे। वहां महिला से पूछताछ की गई तो वह बार-बार अपने बयान बदलती रही, जिसके चलते पूरा मामला संदिग्ध करार दिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच भी बैरंग लौट गई। मामले में फिलहाल किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।