खतौली में गंगनहर पर कार और बाइक में हुई भिडंत।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, आधा दर्जन घायल
खतौली। गंगनहर पटरी मार्ग पर कार की बाइक के साथ हुई भिड़ंत में बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो लोगों सहित कार चालक को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को रेफर कर दिया गया। उधर, पुलिस ने मृतक महिला का पंचनामा भर शव को परीक्षण के लिए भिजवा दिया।
बुढ़ाना निवासी महबूब अपनी माता रफीकन (65) और एक परिचित आमिर को लेकर बाइक द्वारा बुढ़ाना से मंसूरपुर क्षेत्र के गांव सराय रसूलपुर जा रहा था, जब वह गंगनहर पटरी पर खतौली में बालाजीपुरम के सामने पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे कार सवार की बाइक से टक्कर हो गई। सड़क हादसे में महिला रफीकन की मौके पर मौत हो गई। राहगीरों ने कार में सवार यात्रियों को बाहर निकाला। सड़क दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उधर मृतक महिला का पंचनामा भर शव को परीक्षण के लिए भिजवा दिया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलाें को रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि कार सवार मोहल्ला देवीदास निवासी अजीत नगरपालिका में काम करता है।
वहीं, दूसरी ओर गतरात्रि गांव भैसी में नाले के निकट दो बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई। जिस कारण बाइक पर सवार रोहित निवासी दुधाहेड़ी, मोहित, दीपांशु शर्मा निवासी सूरज कुंड मेरठ घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।