महिला की मौत, 80 संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 80 नए संक्रमित मिले हैं। 268 मरीज ठीक हुए हैं। अब जनपद में 1896 मरीज रह गए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार ने बताया कि शहर के केवलपुरी निवासी 45 साल की महिला को पॉजिटिव पाए जाने पर बेगराजपुर के मेडिकल कॉलेज में कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर गत दिवस उसकी मृत्यु हो गई। अभी तक जिले में 248 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। सीएमओ ने बताया कि बृहस्पतिवार को विभिन्न जांच रिपोर्ट में 80 संक्रमित मिले हैं। इनमें से शहरी क्षेत्र में 34 और देहात में 46 मरीज पाए गए। इन संक्रमितों में 56 पुरुष और 46 महिलाएं है। इनमें दस साल से कम उम्र का एक बच्चा भी शामिल है। सभी को होम आईसोलेट किया गया। 268 मरीज ठीक हुए है। अब घट कर 1896 एक्टिव केस कोरोना के रह गए है, जिनका उपचार चल रहा है। अभी तक जनपद में 29780 मरीज कोरोना के मिले हैं, जिनमें से 27636 मरीज ठीक हो चुके है।