खतौली। रोडवेज की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। जबकि मां व बेटा गंभीर घायल हो गए। यात्रियों ने बस चालक व परिचालक की धुनाई कर डाली। चालक व परिचालक चकमा देकर भाग निकले।
मेरठ थाना कंकरखेड़ा के गांव नंगलाताशी निवासी इरशाद पुत्र रमजानी सोमवार को बाइक पर अपनी मां साबरा व मामी सरधना निवासी 40 वर्षीय जुबैदा पत्नी शकील को साथ लेकर जानसठ के गांव भलेड़ी से रिश्तेदार की मौत में शामिल होने के बाद मेरठ लौट रहे थे।
हाईवे पर गांव तिंगाई में मेपल्स अकादमी के सामने मेरठ की ओर से तेजी से आ रही भैंसाली डिपो की बस ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए तथा बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बस में सवार यात्रियों ने बस चालक व परिचालक को पीटना शुरू कर दिया। चालक व परिचालक किसी तरह से जान बचाकर जंगलों के रास्तों से फरार हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां महिला जुबैदा की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले ली।