मोहल्ला लद्दावाला में महिला की संदिग्ध हालात में मौत
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला लद्दावाला में शुक्रवार दोपहर एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के भाई द्वारा दहेज हत्या का आरोप लगाए जाने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।
सहारनपुर जनपद के कस्बा देवबंद निवासी समायरा का निकाह करीब तीन साल पहले शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला निवासी युवक से हुआ था। शुक्रवार दोपहर उसकी ससुराल में हालत बिगड़ गई, जिसकी सूचना पर देवबंद से उसका भाई साजिद लद्दावाला पहुंचा और उसे जिला अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने समायरा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान मौके पर पहुंचे। साजिद ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन का उत्पीड़न किया जा रहा था।
आरोप लगाया कि शौहर समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को जहर देकर उसकी हत्या की है। इंस्पेक्टरका कहना है कि विवाहिता के भाई ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।