संवाद न्यूज एजेंसी
भोपा। रिश्तेदारी में हुई मौत की सूचना पर बाइक पर सवार होकर गांव सीकरी जा रहे व्यक्ति की बाइक में ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बैठी महिला की मौत हो गई, जबकि महिला का जेठ व मासूम बेटी घायल हो गए।
उत्तराखंड के थाना मंगलौर के गांव सिकंदरपुर निवासी ओमबीर के बहनोई बिजेन्द्र निवासी, सीकरी भोपा की बीमारी के चलते बुधवार देर रात मौत हो गई थी। ओमवीर अपनी पत्नी मीरा व छोटी भाभी सुनीता, पत्नी प्रदीप के साथ बाइक पर सवार होकर गांव सीकरी जा रहे थे। गांव सिकंदरपुर और सीकरी के बीच ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सुनीता (35) बाइक से गिरकर घायल हो गई। वहीं उसकी गोद से छिटक कर उसकी ढाई वर्ष की बेटी नेना भी जमीन पर जा गिरी। गनीमत रही कि बच्ची कच्ची मिट्टी में गिरी। बाइक चालक ओमबीर व बच्ची को मामूली चोट आई। राहगिरों की मदद से घायल महिला सुनीता को सीएचसी पर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। सूचना पर मृतका के परिजन भी सीएचसी पर पहुंच गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। बताया गया कि ट्रैक्टर ट्राली चालक गन्ने की खोई को फैक्टरी में डालकर वापस लौट रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा का कहना है कि अभी तहरीर नहीं आई है। मृतक महिला के परिवार में पति प्रदीप सहित ढाई वर्ष की बेटी नेना और 13 वर्षीय मूक बधिर बेटा विनीत है।
पति और जेठानी की मान लेती तो टल जाती अनहोनी
भोपा। मृतका सुनीता की जेठानी मीरा ने बताया कि उसने व उसके पति ओमवीर ने सुनीता को न जाने के लिए समझाया था। अगर सुनीता उनकी बात मान लेती तो अनहोनी टल जाती। मृतका के गांव सिकन्दरपुर में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उसका पति प्रदीप वहां अंतिम संस्कार में शामिल होने गया था।