देवबंद। नर्सिंग होम में डिलीवरी के बाद महिला की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया।
मकबरा गांव की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने तीन दिन पूर्व देवबंद के सांपला रोड स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। जहां डिलीवरी के बाद शुक्रवार की सुबह महिला की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिवार के लोगों ने अस्पताल के चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए घंटों जमकर हंगामा किया। इसी दौरान सूचना मिलने पर कोतवाल प्रभाकर केंतुरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों का आरोप था कि चिकित्सक ने आधा घंटे में ही ऑपरेशन कर दिया जिसके कुछ देर बाद ही महिला की मौत हो गई। वहीं अस्पताल के चिकित्सक ने मृतक महिला के परिजनों के आरोप निराधार बताए हैं। उन्होंने कहा कि उपचार में लापरवाही नहीं बरती गई। ऑपरेशन के बाद परिजन स्वयं महिला को रेफर कराकर साथ ले गए थे। बाहर के किसी अस्पताल में उसकी मौत हुई है। कोतवाल प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि अस्पताल में हंगामा किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस वहां गई थी। जानकारी मिली है कि परिजन ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में महिला को लेकर गए थे। वहां से लौटते शुक्रवार की तड़के रुड़की के निकट महिला की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि नर्सिंग होम के चिकित्सकों व मृतक महिला के परिजनों के बीच समझौता हो गया है। फिर भी यदि कोई तहरीर आती है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।