संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नियम उल्लंघन कर जिम दूसरे स्थान पर लगाए जाने की शिकायत के बाद प्रस्तावित स्थान पर भी नया ओपन जिम इंस्टॉल करा दिया गया। शिकायत के बाद हुई जांच में वित्तीय अनियमितता तो नहीं पाई गई, लेकिन पालिका निर्माण विभाग की लापरवाही उजागर हो गई। इसके चलते अवर अभियंता निर्माण और संबंधति ठेकेदार का जवाब तलब किया गया। मामला संज्ञान में आने पर चेयरपर्सन ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की है।
नगर पालिका की ओर से वार्ड 21 के पार्क में ओपन जिम बनाने की स्वीकृति दी गई थी। बजट तैयार होने के बाद निर्माण विभाग की आख्या पर ठेकेदार को छह लाख रुपये से अधिक का भुगतान भी कर दिया गया था। मगर एक वर्ष गुजरने के बावजूद प्रस्तावित स्थान पर जिम की मशीनें स्थापित नहीं कराई गईं।
वार्ड-21 के सभासद रजत धीमान की शिकायत पर जांच शुरू हुई। जानकारी मिली कि प्रस्तावित ओपन जिम की मशीनें वार्ड-39 में स्थापित करा दी गईं। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह के निर्देश पर सहायक अभियंता जलकर सुनील कुमार के निर्देशन में दो सदस्यीय कमेटी ने जांच की। जांच आख्या में उन्होंने वित्तीय अनियमितता नहीं दर्शाई।
बताया कि वार्ड-21 में पास हुआ ओपन जिम वार्ड-39 में स्थापित कराया गया। ईओ ने अवर अभियंता निर्माण कपिल कुमार और ठेकेदार से जवाब तलब किया। प्रस्तावित स्थान पर ही ओपन जिम इंस्टॉल करने के निर्देश दिए गए। उनके निर्देश पर 24 घंटे के भीतर ही वार्ड-21 में ओपन जिम स्थाापित करा दिया गया। हालांकि वार्ड-39 में लगाई गई ओपन जिम की मशीनें अभी वहीं लगी हुई हैं।
ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह का कहना है कि ठेकेदार फर्म ने अपनी इच्छानुसार नए उपकरण लगाए हैं। वार्ड-39 के उपकरण पुराने होने के कारण कंपनी उनको उखाड़कर ले जाएगी। जेई और ठेकेदार ने अभी लिखित स्पष्टीकरण उपलब्ध नहीं कराया है। जेई ने मौखिक रूप से गलती स्वीकार की है।