सरकारी क्रय केंद्रों पर भीग गया गेहूं
मुजफ्फरनगर। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में भारी बरसात और तूफान की चेतावनी दी है। इसके बावजूद सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर गेहूं के रखने के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। जिले में इस बार काफी तादाद मेें गेहूं की खरीद हुई है। 52 केंद्रों पर बुधवार तक 22295.8 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुके हैं, जिसमें से 19872.3 मीट्रिक टन गेहूं एफसीआई के गोदाम में पहुंचा दिया है। अभी भी केंद्रों पर 2423 मीट्रिक टन गेहूं है। बरसात होने पर रतनपुरी और खतौली केंद्रों पर गेहूं भीग रहा है।
रतनपुरी में डीसीडीएफ के गेहूं क्रय केंद्र पर अभी तक कुल 3500 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। बारिश से बचने के लिए क्रय केंद्र पर कोई इंतजाम नहीं होने से करीब 800 कट्टे गेहूं बारिश में भीग गए। क्रय केंद्र रतनपुरी पर तैनात केंद्र प्रभारी पवन कुमार का कहना है कि खराब मौसम से बचने के लिए खरीद केंद्र पर पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं हैं। यहां पर गेहूं रखने के लिए किसी प्रकार के गोदाम की कोई व्यवस्था नहीं है। गेहूं के करीब एक हजार कट्टे खरीद केंद्र पर बाहर खुले आसमान में ही रखे हैं। करीब 800 कट्टे गेहूं बाहर खुले में पड़ा रहा। रात से हो रही वर्षा के कारण सारा गेहूं बारिश में भीग गया। हालांकि तिरपाल और पॉलिथीन डालकर गेंहूं को बारिश से बचाने का नाकाफी प्रयास किया. लेकिन हवा के साथ आई बारिश के कारण सारा गेहूं भीग गया।
खतौली में कृषि उत्पादन मंडी खतौली में बने गेहूं क्रय केंद्र पर बुधवार को बारिश आने के कारण टीन शेड के किनारे पर लगा गेहूं बारिश के कारण भीग गया। गेहूं के करीब तिरपाल तो पड़ी थी, लेकिन उसे गेहूं पर नहीं डाला गया था। बुधवार सुबह से ही मौसम खराब है।