शाहपुर क्षेत्र के गांव सोरम के होनहार पहलवान गौरव बालियान का स्वागत करते ग्रामीण।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
रूस से कांस्य पदक जीत कर लौटे गौरव बालियान का स्वागत
मुजफ्फरनगर, शाहपुर। क्षेत्र के गांव सोरम के होनहार पहलवान गौरव बालियान द्वारा वर्ल्ड जूनियर रेसलिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने के बाद गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया है।
शाहपुर ब्लाक के गांव सोरम निवासी पहलवान गौरव बालियान ने रूस के उफा शहर में आयोजित वर्ल्ड जूनियर रेसलिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक के लिए जर्मनी के पहलवान को हराया। होनहार पहलवान के गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों व विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों ने उसका भव्य स्वागत किया और जुलूस के रूप में उसे टारगेट ओलंपिक कुश्ती एकेडमी लाया गया। इस दौरान खेल प्रशिक्षक मास्टर रामपाल सिंह ने बताया कि गौरव पहलवान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पदक हासिल कर गांव व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उसकी इस उपलब्धि से ग्रामीण स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। युवा अभिषेक बालियान ने कहा कि होनहार पहलवान द्वारा विश्व स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतना गांव व क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। ग्रामीणों ने पहलवान द्वारा पदक जीतने पर उसके कोच निर्दोष बालियान को भी सम्मानित किया। इस दौरान कृष्ण कुमार खलीफा , सत्यवीर सिंह , कर्ण सिंह , ध्यानचंद सैनी पहलवान , जितेंद्र कुमार , बालिन्द्र चौधरी , प्रवीण कुमार आदि ग्रामीण मौजूद रहे।