मुजफ्फरनगर। बिजनौर में सपा नेताओं पर हाईकमान की कार्रवाई का असर जिले में भी देखने को मिला। मंगलवार को सपा नेता एक मंच पर उमा किरण का राग अलापते नजर आए। नेताओं ने यह दावा भी किया कि जीत उमा किरण की ही होगी। 23 वोट उनके पास हैं। सभी 13 मुस्लिम जिला पंचायत सदस्य उमा के साथ हैं।
सपा कार्यालय के निकट स्थित होटल में पत्रकारों से वार्ता में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री मुकेश चौधरी, जिलाध्यक्ष श्यामलाल सैनी, वरिष्ठ नेता राजकुमार यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, उपचुनाव प्रत्याशी गौरव स्वरूप, जिला पंचायत प्रत्याशी उमा किरण, महानगराध्यक्ष राशिद सिद्दीकी, पूर्व जिलाध्यक्ष इलमसिंह गुर्जर, अब्दुल्ला राना ने एक स्वर में कहा कि चुनावों को लेकर पार्टी एक है। पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है।
सपा नेताओं ने कहा कि उमा किरण को टिकट मिलने से पहले भले ही अन्य किसी को प्रत्याशी बनाने के लिए कहा गया हो, लेकिन टिकट मिलने के बाद किसी ने विरोध नहीं किया। पूरी पार्टी उमा किरण के साथ है। उमा किरण ने भी कहा कि अभी तक अधिकतम लोगों की कार्यप्रणाली पॉजिटिव ही है। मुकेश चौधरी ने दावा किया कि उमा किरण को जिताने के लिए पूर्ण बहुमत उनके पास है। 23 जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन उन्हें प्राप्त है। इनमें 13 मुस्लिम सदस्य भी शामिल हैं। वार्ता में सत्यवीर प्रजापति, साजिद हसन, नौशाद अंसारी आदि मौजूद रहे।
जिला पंचायत के चुनाव में पार्टी के जिन नेताओं की गतिविधियां संदिग्ध हैं। उनके नाम हाईकमान को भेजे गए हैं। सूत्रों से जानकारी मिली है कि हाईकमान प्रत्येक जिले में जिला पंचायत चुनाव को गंभीरता से ले रहा है। पार्टी विरोधी काम करने वाले किसी भी नेता को बख्शने के लिए तैयार नहीं हैं। ऐसी हालत में जिले के भी कुछ सपा नेता पार्टी हाईकमान का निशाना बन सकते हैं।