देवबंद (सहारनपुर)। खटौली गांव से नगली मेहनाज समेत करीब 10 गांव को जोड़ने वाली सड़क गंदे पानी की निकासी न होने से करीब पांच माह से क्षतिग्रस्त पड़ी है। आलम यह है कि सड़क पर हर समय जलभराव रहता है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
खटौली के ग्रामीण सुरेश, प्रभात कश्यप, विक्रम और नीरज त्यागी ने बताया गांव में नगली मेहनाज को जाने वाला मार्ग लंबे समय से टूटा पड़ा है। तालाब की सफाई नहीं होने से नालियां ओवर फ्लो हो गई है। इससे गंदा पानी टूटी सड़क पर आने से हर समय जलभराव रहता है। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं समेत दूसरे गांव में जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही गांव में बीमारी फैलने का भी खतरा बना है। ग्रामीण आदेश त्यागी, बिजेंद्र त्यागी, संजय त्यागी, अनिरुद्ध, अनित, विक्की, कुलदीप ने बताया इस संबंध में कई मर्तबा ग्राम प्रधान के अलावा प्रशासन को भी लिखित में अवगत कराया, लेकिन समस्या का अभी तक समाधान नहीं हुआ। जबकि ग्राम प्रधान अनुराधा ने बताया उनके द्वारा तत्कालीन एसडीएम और लिखित व मौखिक रूप में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन बीडीओ यह कहते हैं कि उनको अभी कोई लिखित सूचना नहीं मिली है।
ग्रामीणों ने कहा सफाई कर्मी कभी कभार ही ड्यूटी पर आते हैं। पूछने पर पता चलता है कि सफाईकर्मियों की सप्तावार ड्यूटी लग रही है। ग्रामीणों ने बताया गांव में दिसंबर माह में कई शादियां होनी है ऐसे में बाहर से आने वाले मेहमानों को टूटी सड़क पर हुए जलभराव के बीच से होकर अपनी बारात ले जानी पडे़गी। उन्होंने चेतावनी दी यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने से पीछे नहीं हटेंगे।
शिकायत मिलने पर समस्या का कराएंगे समाधान
खटौली में टूटी सड़क पर हो रहे जलभराव के मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ग्रामीण उनके पास शिकायत लेकर आएंगे तो उसका समाधान कराया जाएगा। - दीपक कुमार, एसडीएम
प्रभात कश्यप- फोटो : DEVBAND
विक्रम- फोटो : DEVBAND
खटौली में सड़क पर भरे पानी का निकालने के लिए नालियों की सफाई करती महिला- फोटो : DEVBAND
ग्रामीण सुरेश- फोटो : DEVBAND
क्षतिग्रस्त पड़े खटौली-नगली मेहनाज मार्ग पर भरा घरों से निकला गंदा पानी- फोटो : DEVBAND