मंगलवार दोपहर अचानक हुई बारिश से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। एक घंटे तक हुई बारिश से शहर के कई क्षेत्रों में पानी भर गया। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे। कई दिन से गर्मी लगातार बढ़ती जा रही थी। मंगलवार सुबह से बादल छाए थे, लेकिन मौसम कई बार साफ हुआ।
दोपहर के समय अचानक घटा घिर आई। तेज बारिश शुरू हुई और लगभग एक घंटा जमकर पानी बरसा। मौसम में जहां लोगों को राहत मिली, वहीं शहर में निचले इलाकों में पानी भर गया। शहर के खालापार, जनकपुरी, नईमंडी, गांधी कॉलोनी, रामपुरी आदि कॉलोनियों में बरसात का पानी भरने से रास्ते अवरुद्ध हो गए।
शिव चौक जैसी जगह पर भी अधिक पानी आ जाने से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। ईद की खुशियां मना रहे लोगों को भी कुछ देर के लिए विराम लेना पड़ा। जिन मोहल्लों में मेले लगे थे, वहां दुकानदारों को परेेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश में दुकानदारी प्रभावित हो गई। बारिश रुकने के काफी देर बाद स्थिति सामान्य हो पाई।