अभेद्य सुरक्षा के बीच होगा मतदान
मुजफ्फरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में सोमवार को जनपद में होने वाले मतदान के लिए अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले को सुपर जोन, जोन, सेक्टर व कलस्टर में बांटा गया है, जिसके लिए छह जनपदों से करीब 12 हजार पुलिसकर्मियों के साथ ही पांच कंपनी पीएसी व दो कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स की आमद होगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर जनपद में द्वितीय चरण में होने वाले मतदान के लिए सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गईं हैं। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर जिले को पांच सुपर जोन, 24 जोन, 118 सेक्टर व 136 कलस्टर में बांटा गया है। इनमें सुरक्षा के लिए छह जिलों से 12 हजार पुलिसकर्मी आएंगे। इनके साथ ही पांच कंपनी पीएसी और दो कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स की भी आमद होगी, जिन्हें निर्धारित जोन व सेक्टर के हिसाब से तैनात किया जाएगा। आपात सुरक्षा के लिए दो सौ कलस्टर मोबाइल व 150 सेक्टर मोबाइल भी गठित की गईं हैं, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगी। वहीं, जनपद में तैनात सभी एडिशनल एसपी, सीओ व थाना प्रभारी भी अपने निर्धारित क्षेत्र में लगातार गश्त पर रहेंगे। यदि कहीं से भी कोई शिकायत मिलती है, तो तत्काल पुलिस लाइन में बनाए गए कंट्रोल रूम में सूचना दी जाएगी, जिसके बाद तत्काल जरूरी फोर्स उपलब्ध कराया जाएगा।
आमद होते ही ब्लॉक पर होगी रवानगी
मुजफ्फरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर जनपद को मिलने वाला तमाम फोर्स रविवार सुबह तक जिला मुख्यालय पर पहुंच जाएगा। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि आमद कराते ही फोर्स को उनके पूर्व निर्धारित ब्लॉक व क्षेत्र में रवाना कर दिया जाएगा। सबके ठहरने व खाने-पीने की व्यवस्था ब्लॉक स्तर पर स्थित सरकारी विद्यालयों में उनके निर्धारित प्वाइंट्स पर ही की गई है।